जबलपुर : संदीपनी स्कूल शिफ्टिंग के विरोध में सड़क पर उतरे छात्र, पाटन चौराहे पर किया चक्काजाम

 


जबलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। पाटन संदीपनी स्कूल को पाटन से करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम सकरा में शिफ्ट किए जाने के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए। छात्रों ने स्कूल जाने के बजाय पाटन चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। इससे जबलपुर-दमोह-भोपाल मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

संदीपनी स्कूल लंबे समय से पाटन तहसील मुख्यालय में संचालित हो रहा था। स्कूल शिक्षा विभाग ने अब इसे पाटन से करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम सकरा में शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। सकरा में स्कूल की नई बिल्डिंग का निर्माण भी शुरू हो चुका है। स्कूल को दूर शिफ्ट किए जाने की जानकारी के बाद से ही छात्र और अभिभावक इसका विरोध कर रहे हैं।

बड़ी संख्या में छात्रों के अचानक सड़क पर उतरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसडीएम मानवेंद्र सिंह, पाटन थाना पुलिस समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया। एसडीएम ने जल्द बसों की व्यवस्था शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों से जाम समाप्त करने की अपील की गई।

छात्रों का कहना है कि पाटन में स्कूल संचालित होने से आसपास के गांवों से आने वाले विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा होती थी। सकरा में स्कूल शुरू होने के बाद गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों के सामने रोजाना आने-जाने की समस्या खड़ी हो जाएगी। छात्रों ने मांग की कि स्कूल शिफ्ट करने के साथ उनके सुरक्षित और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

एसडीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद स्कूल के प्राचार्य से चर्चा की गई है। छात्रों की प्रमुख मांग स्कूल आने-जाने के लिए बसों की व्यवस्था करने की है। उन्होंने बताया कि बसों की व्यवस्था के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है। प्रशासन का प्रयास है कि जल्द ही बस सेवा शुरू कर विद्यार्थियों की आवागमन संबंधी समस्या का समाधान किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक