रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: 250 ट्रॉली अवैध रेत को किया नष्ट
मुरैना, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैैैना जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना (भापुसे) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना सरायछौला क्षेत्र के ग्राम पिपरई एवं बिंडवा चंबल क्षेत्र में सोमवार को पुलिस, वन विभाग और एसएएफ की संयुक्त टीम ने दबिश दी।
बड़ी मात्रा में रेत का नाश: इस संयुक्त कार्रवाई में लगभग 250 ट्रॉली (500 घनमीटर) अवैध रूप से भंडारित रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया गया। नष्ट की गई इस रेत की बाजार कीमत करीब 5 लाख 50 हजार आंकी गई है। कार्रवाई को अंजाम देने के लिए प्रशासन ने 02 जेसीबी मशीनों और 03 लोडर का उपयोग किया। इस सफल ऑपरेशन में थाना सरायछौला के प्रभारी के.के. सिंह सहित कुल 40 अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे, जिनमें पुलिस, वन विभाग और एसएएफ के जवान शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा