राजगढ़ः संवाद से समाधान कार्यक्रम आयोजित, जल निगम की लापरवाही पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी

 


राजगढ़, 87 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा द्वारा शुरू की गई अभिनव पहल ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को किया गया।कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और शिकायतकर्ता आमने-सामने बैठकर समस्याओं का समाधान खोजते हैं।

इस सप्ताह जल निगम और पीएचई विभाग से जुड़ी कुल 5 शिकायतों की समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वयं प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लंबित शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह पहल न केवल अधिकारियों की जवाबदेही तय कर रही है, बल्कि आम लोगों और प्रशासन के बीच भरोसा, संवाद और पारदर्शिता भी बढ़ा रही है।

कार्यक्रम के दौरान शिकायतकर्ता बालचंद दांगी ने बताया कि ग्राम रामगढ़ में उनके घर पर जल निगम द्वारा आपूर्ति की जा रही पानी की पाइपलाइन में लीकेज है, जिसके कारण उन्हें पानी नहीं मिल पा रहा है। शिकायत छह माह पुरानी होने के बावजूद समाधान नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए विभाग को कारण-बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार शिकायतकर्ता अशोक तंवर ने बताया कि ग्राम कांसी में जल निगम द्वारा बिछाई गई पाइपलाइन से पिछले एक वर्ष से पानी आपूर्ति नही हो रही है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने मामले को उचित ध्यान न देने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कमिश्नर को पत्र लिखने के निर्देश दिए। इसके अलावा शिकायतकर्ता बिरम धनघर (ग्राम सेमली), पवन सिंह (ग्राम पिपिल्या धाकड़) और रमेशचंद्र मालवीय की शिकायतों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी मामलों का सात दिनों में निराकरण कर अगली ‘संवाद से समाधान’ बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश लोक सेवा प्रबंधक को दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का प्रत्यक्ष समाधान कर जनविश्वास को मजबूत करना है, जिसमें प्रशासन सक्रियता से भागीदारी निभा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक