जबलपुर : समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत निकली भव्य कलश वंदन यात्रा
जबलपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सामाजिक समरसता, एवं समाज में समानता की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पूर्व विधानसभा के सुभाष चंद्र बोस एवं अब्दुल हमीद मंडल में कलश वंदन यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, सामाजिक बंधुओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को एक सूत्र में पिरोना तथा संत गुरु रविदास जी द्वारा दिए गए “मनुष्य की पहचान उसके कर्म और आचरण से होती है” जैसे समतामूलक विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है ।
रत्नेश सोनकर ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का संपूर्ण जीवन समाज में समानता, मानवता, प्रेम और भाईचारे की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज को जाति-पंथ और ऊंच-नीच की संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर मानवता के आधार पर एकजुट होने का संदेश दिया।
पूर्व विधानसभा में आयोजित कलश वंदन यात्रा में उपस्थित सभी लोगों ने संत गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने, समाज में समानता, भाईचारे की भावना को निरंतर मजबूत करने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक