सागर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो छात्रों को कुचला, मौके पर मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

 


सागर, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर के कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर नेशनल हाईवे-44 पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो कॉलेज छात्रों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों युवक ट्रक के पहियों की चपेट में आ गए। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

मृतकों की पहचान संजय रजक (20) निवासी सेमरा हार्ट और नितिन अहिरवार (20) निवासी कोलुआ के रूप में हुई है। दोनों बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र थे और बुधवार को अपने गांव से कॉलेज के लिए सागर जा रहे थे। इस दाैरान रानीपुरा के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों छात्र सड़क पर गिर पड़े और ट्रक के पहिए की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद हाईवे पर लगा जाम

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। घटना से नाराज लोगों ने नेशनल हाईवे-44 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।

ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद गुजरात पासिंग ट्रक जीजे 01 केटी 5296 का चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे