सागर : चेकिंग के दौरान कार से 20 किलो चांदी जब्त, सराफा कारोबारी पुलिस हिरासत में
सागर, 15 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेेेश के सागर शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार से करीब 20 किलोग्राम चांदी के जेवरात जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान कार सवार तीन सराफा कारोबारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के वैली कैंपस के पास नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान शुकवार दोपहर करीब 12:30 बजे उज्जैन नंबर की एक काले रंग की कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर कपड़े से ढके बॉक्स मिले। बॉक्स खोलने पर उनमें बड़ी मात्रा में चांदी के जेवरात, जिनमें पायल, बिछिया और करधन शामिल थे, बरामद हुए। पुलिस ने मौके से चांदी और वाहन को जब्त कर लिया।
कार में शैलेंद्र जैन, अमन सोनी और सुखदेव सोनी सवार थे। पूछताछ में तीनों ने खुद को सागर के सराफा कारोबारी बताया। उनका कहना है कि वे चांदी के जेवर जिले के सुरखी क्षेत्र के एक व्यापारी को बेचने के लिए ले जा रहे थे। कारोबारियों ने पुलिस के सामने माल से संबंधित बिल और टैक्स दस्तावेज भी प्रस्तुत किए हैं।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी जीएसटी विभाग को दे दी गई है। दस्तावेजों और बिलों की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला पूरी तरह वैध व्यापार का है या इसमें टैक्स चोरी अथवा अन्य अनियमितता शामिल है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे