सागर : नवनियुक्त जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रिचा सिंह गोंड का भव्य स्वागत; बारिश के बीच उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम
सागर, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जिला महिला कांग्रेस ग्रामीण की नवनियुक्त अध्यक्ष रिचा सिंह गोंड ने रविवार को भव्य रैली के साथ अपना पदभार ग्रहण कर लिया। मकरोनिया स्थित स्टेट पैराडाइज होटल से शुरू हुई यह रैली 'कांग्रेस जिंदाबाद' और 'महिला कांग्रेस जिंदाबाद' के नारों के साथ पद्माकर नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंची, जहां यह एक विशाल जनसभा में तब्दील हो गई।
रैली और सभा में मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया विशेष रूप से शामिल हुईं। जिला कांग्रेस सागर ग्रामीण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने नवनियुक्त अध्यक्ष ऋचा सिंह गोंड को पदभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर रिचा सिंह को तीर-कमान भेंट कर सम्मानित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया ने कहा कि आधी आबादी को पूरा हक और सम्मान दिलाना कांग्रेस का मुख्य संकल्प है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल सहायता राशि देकर उनकी वास्तविक समस्याओं से मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। आज बढ़ती महंगाई ने हर परिवार का बजट बिगाड़ दिया है, ऐसे में महिलाओं को आत्मनिर्भरता, सम्मान और राजनीतिक-सामाजिक निर्णयों में बराबरी का अधिकार चाहिए।
जिला ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने कहा कि गांवों में महिलाएं अनेक समस्याओं से जूझ रही हैं और कांग्रेस उनके अधिकारों की लड़ाई में मजबूती से साथ खड़ी है। वहीं, शहर अध्यक्ष महेश जाटव, प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी, किरण लता सोनी और रेखा सोनी ने भी बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ जनजागरण की बात कही।
नवनियुक्त अध्यक्ष ऋचा सिंह गोंड ने संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने और गांव-गांव तक महिला कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जनपद अध्यक्ष देवरी व महामंत्री आंचल अथिया ने किया, जबकि आभार पार्षद सीमा चौधरी ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अंकलेश्वर दुबे को शाल, श्रीफल व पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया गया। तेज बारिश के बावजूद कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिला व पुरुष कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे