सागरः घर की छत ढहने से 14 साल के बच्चे की मौत, पिता की हालत गंभीर
सागर, 28 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम भटोली कुमेरिया में मंगलवार सुबह एक मकान की छत भरभराकर गिर गई। इस हादसे में घर में सो रहे 14 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता मलबे में दबने से गंभीर रूप से घायल हो गएं।
जानकारी के अनुसार, भटोली कुमेरिया निवासी गोविंद लड़िया अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। सुबह करीब 7:00 बजे, जब परिवार गहरी नींद में था, अचानक उनके मकान की छत की सीलिंग ढह गई। भारी-भरकम मलबे की चपेट में गोविंद और उनका 14 वर्षीय बेटा केशव लड़िया आ गए। अचानक हुए इस हादसे से गांव में चीख-पुकार मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे पिता-पुत्र को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल गढ़ाकोटा के सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद केशव लड़िया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गोविंद लड़िया की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां वे फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिछले दिनों क्षेत्र में हुई बेमौसम बारिश इस हादसे की मुख्य वजह बनी। बारिश का पानी छत पर जमा होने के कारण सीलिंग अंदरूनी रूप से कमजोर हो गई थी। पानी के भारीपन और नमी की वजह से सीमेंट की छत अचानक गिर गई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गयाष घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन द्वारा भी घटनास्थल का जायजा लिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे