सागरः कलेक्टर ने केसली विकासखंड का दौरा कर जानी कार्यों की जमीनी हकीकत
सागर, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मंगलवार को केसली विकासखंड का दौरा कर विभिन्न शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानी।
कलेक्टर 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के अंतर्गत जैतपुर ग्राम पहुँचीं, जहाँ उन्होंने ऐतिहासिक गुरुबाबा बावड़ी के पुनरुद्धार और संवर्धन कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया और कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। केसली क्षेत्र के मंगल भवन के समीप 1-HLB 124 में चल रहे मकान गणना कार्य का कलेक्टर ने स्थल निरीक्षण किया।
बतौर प्रमुख जनगणना अधिकारी, उन्होंने मौके पर उपस्थित प्रगणक से विधिवत रूप से गणना कार्य करवाकर प्रक्रिया की शुद्धता की जाँच की। विकासखंड मुख्यालय पर आयोजित विशेष जनसुनवाई में क्षेत्र के दूर-दराज से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ रखीं। कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का कलेक्टर ने मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया। शेष आवेदनों के लिए संबंधित विभागों को समय सीमा तय कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया।
किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने कृषि मंडी केसली स्थित चना एवं मसूर उपार्जन केंद्र और ग्राम बरकोटी कला स्थित माँ हरसिद्धि उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गेहूं खरीदी की प्रक्रिया का जायजा लिया और निर्देश दिए कि किसानों को भुगतान या तुलाई में कोई असुविधा न हो।
जनसुनवाई के उपरांत जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ठाकुर ने कलेक्टर से भेंट की। उन्होंने पत्र के माध्यम से क्षेत्र में बड़े निर्माण कार्यों की बाधाओं से अवगत कराया, जिनमें कस्तूरबा आवासीय छात्रावास (लागत ₹1.85 करोड़), शबरी माता कन्या शिक्षा परिसर(लागत ₹44 करोड़), ITI भवन, अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास और सांसद निधि से स्वीकृत जनजाति भवन शामिल हैं। इन कार्यों में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक कठिनाइयों को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती पाल ने एसडीएम केसली श्रीमती राजनंदनी शर्मा को निर्देशित किया कि वे बिंदुवार समस्याओं का निराकरण करें और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे