सागर विस्फोटक ट्रक हादसे में घायल युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
सागर, 18 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत चनौआ में हुए विस्फोटक ट्रक हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान सोमवार काे मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले चनौआ क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री से भरे ट्रक में जोरदार धमाका हुआ था, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे में घायल अरुण चौबे का सागर के बंसल अस्पताल में उपचार चल रहा था। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
अरुण चौबे की मौत की खबर मिलते ही चनौआ और आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में पड़रिया क्षेत्र में एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कई घंटों तक यातायात बाधित रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना है कि जांच में लापरवाही बरती जा रही है और प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गढ़ाकोटा पुलिस और तहसीलदार महेश दुबे मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया और प्रशासनिक अधिकारियों से निष्पक्ष जांच व उचित मुआवजे की मांग की।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और चक्काजाम समाप्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने यातायात बहाल कराया। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे