सागर: बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर-नर्स से अभद्रता का आरोप, भाजपा नेता पर छेड़छाड़ की एफआईआर

 


इलाज के दौरान विवाद के बाद हंगामा, डॉक्टरों-नर्सिंग स्टाफ ने किया कार्य बहिष्कार, अस्पताल सुरक्षा बढ़ाने की मांग

सागर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्थित सागर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में गुरुवार देर रात इलाज के दौरान हुए विवाद ने शुक्रवार को बड़ा रूप ले लिया। महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल श्रीवास्तव (पीपरा) पर छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार, बैड टच करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।

घटना के विरोध में जूनियर डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने काम बंद कर अस्पताल के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन और चक्काजाम किया। बढ़ते विरोध के बाद पुलिस ने अनिल श्रीवास्तव और एक अन्य आरोपी के खिलाफ गोपालगंज थाने में छेड़छाड़ सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला स्टाफ के अनुसार गुरुवार रात करीब दो बजे लक्ष्मी तिवारी नाम की मरीज को इलाज के लिए बीएमसी लाया गया था। मरीज के अस्पताल पहुंचने से पहले ही इलाज को लेकर लगातार फोन किए जा रहे थे। इलाज शुरू होने के दौरान मरीज के साथ आए दो लोगों ने अस्पताल स्टाफ से अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। महिला कर्मचारियों का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें धमकाया गया। एक आरोपी ने महिला स्टाफ के साथ बैड टच किया और अस्पताल के बाहर गोली मारने की धमकी दी। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि धमकी देने वाला व्यक्ति भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव (पीपरा) था।

'पुलिस आई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई

महिला स्टाफ का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस और बीएमसी प्रबंधन को दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अस्पताल के सुरक्षा कर्मी मरीज और उसके परिजनों को बाहर भेज चुके थे। कर्मचारियों का आरोप है कि तत्काल कोई कार्रवाई नहीं होने से अस्पताल में कार्यरत महिला डॉक्टरों और कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल बन गया।

डॉक्टरों का प्रदर्शन, गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग

घटना के विरोध में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जूडा) और नर्सिंग स्टाफ ने शुक्रवार काे अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया। डॉक्टरों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। जूडा अध्यक्ष डॉ. व्योमकृष्ण तिवारी ने कहा कि यदि अस्पताल में ही डॉक्टर और नर्सें सुरक्षित नहीं हैं तो स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होंगी। उन्होंने अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।

24 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन, मध्य प्रदेश ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ समयबद्ध और सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। संगठन ने कॉलेज प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कराने की मांग उठाई।

भाजपा नेता ने आरोपों से किया इनकार

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल श्रीवास्तव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वे अपने गांव के मरीज को देखने अस्पताल पहुंचे थे और केवल समय पर उपचार करने का आग्रह किया था। उन्होंने किसी भी महिला डॉक्टर या कर्मचारी से अभद्रता करने से इनकार करते हुए कहा कि यदि वार्ड के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए तो पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि बीएमसी स्टाफ की शिकायत पर भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव और एक अन्य आरोपी के खिलाफ गोपालगंज थाने में छेड़छाड़ सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे