सागर-बीना मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 7 साल की बच्ची सहित 2 की मौत, तीन घायल

 


सागर, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में सागर-बीना मार्ग पर जरुआखेड़ा के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 वर्षीय बच्ची और एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा देर रात करीब 12 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत से हुआ।

पुलिस के अनुसार, एक बाइक पर खुरई के वन खिरिया निवासी राहुल सिंह सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर धरमपुर निवासी रामदास कुशवाह, सोनू कुशवाह, संध्या पटेल और उनकी 7 वर्षीय बेटी श्रद्धा सवार थे। हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद मौके से गुजर रही 108 एंबुलेंस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जरुआखेड़ा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सागर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान मासूम श्रद्धा ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। उनकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे