सागरः सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ, 10 लाख से अधिक दीपों से जगमगाया शहर
सागर, 17 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में गुरुवार को 'सेवा संकल्प अभियान' का आगाज हुआ। जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील के चकराघाट पर 1.25 लाख से अधिक दीप सजाकर प्रज्ज्वलित किए गए। इसके साथ ही संजय ड्राइव और शहर के सभी 48 वार्डों सहित पूरे जिले में 10 लाख से अधिक दीप जलाए गए, जिससे पूरे शहर में दीपावली जैसा उत्सव का माहौल बन गया।
कार्यक्रम में सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र सेवा में अपने 25 वर्ष समर्पित किए हैं, जिसके प्रति देशवासी अत्यंत कृतज्ञ हैं। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि अभियान के तहत जिले में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए हैं। इसके अलावा पीएम आवास योजना की कॉलोनियों, अमृत सरोवरों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इस अवसर पर संभाग आयुक्त दिलीप कुमार, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, निगमायुक्त राजकुमार खत्री सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और संत-महात्मा उपस्थित रहे।
चकराघाट स्थित घाटों पर आटे से बने विशेष दीपों को सजाया गया, जिन्हें बाद में झील की लहरों पर प्रवाहित किया गया। जल में प्रतिबिंबित होते दीपों की रोशनी ने अनूठा दृश्य प्रस्तुत किया। झील के तट पर आयोजित भव्य गंगा आरती और मंत्रोच्चार ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। इसके ठीक बाद झील के मध्य हुई रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। आकर्षण का मुख्य केंद्र चकराघाट पर उकेरा गया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वृहत और रंग-बिरंगा चित्र रहा, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ जुटी।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान जयपुर के प्रख्यात सैनिया घराना के कलाकारों ने अपनी सुमधुर धुनों से समां बांध दिया। उस्ताद इस्माइल खान और उस्ताद रियाज खान के नेतृत्व में कलाकारों ने सितार, तबला, वायलिन और की-बोर्ड की जुगलबंदी पर ‘मेरे ढोलना’ और ‘चाणक्य’ जैसी प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही, स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा बधाई, नौरता, बरेली और रास नृत्य पेश कर बुंदेलखंड की समृद्ध लोक संस्कृति का शानदार प्रदर्शन किया गया। मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर की गई विशेष विद्युत सज्जा ने इस ऐतिहासिक शाम को और भी यादगार बना दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे