राजगढ़ः सड़क के अभाव में बारिश में कट जाता है खेजड़ खो, जर्जर स्कूल से बच्चों की पढ़ाई ठप

 


राजगढ़, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की आगर पंचायत के मंजरे टोले ग्राम खेजड़ खो में वर्षों से सड़क और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग से गांव तक करीब चार किलोमीटर कच्चा रास्ता होने के कारण बारिश के दिनों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। इससे गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से कट जाता है और छात्र-छात्राओं की पढ़ाई के साथ ग्रामीणों का दैनिक जीवन भी प्रभावित होता है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव के प्राथमिक विद्यालय का भवन लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। लगभग एक वर्ष से नियमित शिक्षण कार्य बंद पड़ा है। बच्चों के लिए की गई वैकल्पिक व्यवस्था भी बारिश के दौरान प्रभावी नहीं रह पाती, जिससे शिक्षा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। वहीं बीमार, गर्भवती महिलाओं और अन्य आपातकालीन मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी बड़ी चुनौती बन जाता है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अधिकारी बारिश के दौरान गांव का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करें और सड़क निर्माण के साथ स्कूल भवन की मरम्मत अथवा नए भवन का निर्माण शीघ्र कराया जाए। इन समस्याओं के अलावा जिले में आदिवासी समाज पर हो रहे कथित अत्याचार के मामलों को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी है।

अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष राम भील ने गुरुवार को बताया कि इन सभी मुद्दों के स्थायी समाधान की मांग को लेकर 27 जुलाई 2026 को जिला मुख्यालय राजगढ़ में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो समाज के सहयोग से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और विभाग की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक