राजगढ़ः गुरु पूर्णिमा पर संदीपनि विद्यालय में प्रतिभाओं का सम्मान

 


राजगढ़, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत शासकीय संदीपनि विद्यालय में बुधवार को आयोजित सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में विषयवार शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा तथा वरिष्ठ समाजसेवी रघुनंदन शर्मा रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के माध्यमिक शिक्षक अखिलेश कुमार कागदी द्वारा रचित विद्यालय गीत सांदीपनि विद्यालय का लक्ष्य है महान का लोकार्पण रहा। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने गीत का विमोचन करते हुए कहा कि इसमें शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्र निर्माण जैसे मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। गीत को उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने भी खूब सराहा।

कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सम्मानित शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, समर्पण और निरंतर परिश्रम ही सफलता का आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में बड़ा लक्ष्य तय कर लगातार आगे बढ़ने का आह्वान किया, वहीं शिक्षकों से शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा सबसे बड़ी धरोहर है। शिक्षक केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और चरित्र का भी निर्माण करते हैं। ऐसे सम्मान समारोह शिक्षकों और विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यालय के प्राचार्य गोपाल विजयवर्गीय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की प्रतिबद्धता, विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय लगातार उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर रहा है। अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कैलाश सोनी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक