सांदीपनी विद्यालय में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव आयोजित, “स्कूल चलें हम” अभियान की शुरुआत

 


सतना, 1 अप्रैल (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सतना जिले में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के साथ “स्कूल चलें हम” अभियान की शुरुआत हो गई है। यह अभियान 1 से 4 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के तहत जिले भर के विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

बुधवार को जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम सांदीपनी विद्यालय बगहा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, पार्षद अंशु तिवारी, डिप्टी कलेक्टर सुभाष मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान करीब 300 छात्र, अभिभावक एवं स्कूल स्टाफ भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। साथ ही जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से छात्रों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं साइकिल वितरित की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित भी किया गया। प्रवेशोत्सव के तहत जिले के व्यंकट-वन स्कूल, कन्या धवारी स्कूल और एमएलबी स्कूल सहित अन्य विद्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल को पालकों के साथ सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे उनका विद्यालय से जुड़ाव बढ़ाया जा सके। साथ ही शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के पुनः प्रवेश के प्रयास किए जाएंगे।

4 अप्रैल को “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ एवं प्रेरक व्यक्तित्व विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। अभियान के दौरान बालसभा, विशेष भोज, शाला प्रबंधन समिति की बैठक और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। जिला एवं विकासखंड स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग के साथ कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी