मैहर जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, सर्च अभियान में कुछ नहीं मिला
मैहर, 20 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सतना मैहर जिला न्यायालय को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से न्यायिक और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। अदालत की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आए एक मेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर और जजों के कार्यालयों में 15 जहरीली गैस वाले बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1 बजे विस्फोट करेंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता न्यायालय परिसर में पहुंचा और सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
सिर्फ मैहर ही नहीं, बल्कि सतना, अमरपाटन सहित अन्य संबंधित न्यायालय परिसरों में भी व्यापक सुरक्षा जांच शुरू की गई। अवकाश के दिन मिली इस धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर के हर कोने को खंगाला, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। धमकी भरे ईमेल की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है और मेल भेजने वाले की पहचान तथा लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
प्रशासन ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
इधर, जानकारी सामने आई है कि मैहर और सतना के बाद बड़वानी जिला न्यायालय को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला है। इसके बाद वहां भी न्यायालय परिसर, अधिवक्ता कक्ष और आसपास की दुकानों को खाली कराकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल क्षेत्र में आवागमन सीमित कर सघन चेकिंग अभियान जारी है
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी