सतना-मैहर जिले में तीन सड़क हादसे, ट्रक की टक्कर से युवक की मौत

 

सतना, 18 मार्च(हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना मैहर जिले में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन हादसों में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

मैहर के नेशनल हाईवे-30 पर कुसेड़ी के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरैया निवासी मुकेश पटेल के रूप में हुई है। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात ट्रक की तलाश में जुट गई है।

हादसा-2:

अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास बच्चों को स्कूल लेकर जा रही वैन को तेज रफ्तार सवारी बस ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वैन क्षतिग्रस्त हो गई। वैन विंध्यावैली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की थी, जिसमें कई स्कूली बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि सभी बच्चे सुरक्षित बच गए, हालांकि कुछ को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद मामला थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

हादसा-3:

सतना शहर में कार की टक्कर से दो युवक घायल-सतना शहर के बिड़ला रोड स्थित सिंधी कैंप मोड़ पर एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बदखर निवासी रवि शुक्ला और उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसे तेज रफ्तार और लापरवाही की गंभीर तस्वीर पेश कर रहे हैं। एक ओर जहां एक परिवार ने अपने सदस्य को खो दिया, वहीं अन्य घटनाओं में बाल-बाल बचाव हुआ। पुलिस ने वाहन चालकों से सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी