सतनाः पुलिस ने एक माह में गुम हुए 115 मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे

 


रीवा, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की सतना पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। विगत एक माह के दौरान पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की सहायता से कुल 115 गुम मोबाइल फोन कीमती करीब 17 लाख रुपये बरामद कर शुक्रवार को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए।

पुलिस अधीक्षक सतना हंसराज सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमनाथ कुबे के मार्गदर्शन में साइबर सेल सतना एवं जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा गुम एवं खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु पुलिस टीमों द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर निरंतर प्रयास किए गए। इस दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि गुम हुए मोबाइल फोन मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों में उपयोग किए जा रहे थे।

पुलिस टीमों द्वारा संबंधित स्थानों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए उक्त मोबाइल फोन वापस प्राप्त किए गए। 06 नवम्बर 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतना प्रेमनाथ कुबे एवं साइबर सेल प्रभारी अजीत सिंह द्वारा बरामद किए गए कुल 115 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को पहचान एवं आवश्यक सत्यापन के उपरांत विधिवत सपुर्द किए गए। अपना गुम हुआ मोबाइल फोन वापस प्राप्त होने पर मोबाइल स्वामियों द्वारा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सतना पुलिस के प्रति आभार प्रकट किया गया।

पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाने में सूचना देकर शिकायत दर्ज कराएं तथा सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूर्ण करें। किसी भी व्यक्ति से बिना वैध दस्तावेज एवं खरीद संबंधी प्रमाण के मोबाइल फोन क्रय न करें। यदि किसी को गुम अथवा चोरी का मोबाइल फोन प्राप्त होता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सतना पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, उनकी संपत्ति की रक्षा एवं गुमशुदा संपत्ति की बरामदगी के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी