सतनाः बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय गौरव का जयघोष

 


सतना, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के जनजातीय बहुल ग्राम बांका में रविवार को जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव के जयघोष से गूंज उठा।

जय बिरसा मुंडा शोध समिति बांका एवं दीनदयाल शोध संस्थान चित्रकूट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार सहितबड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

समारोह में मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष को देश के इतिहास की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनका योगदान केवल जनजातीय समाज तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे देश के स्वाभिमान और स्वतंत्रता चेतना से जुड़ा है। उनके संघर्ष से नई पीढ़ी को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और पहचान को संरक्षित रखते हुए शिक्षा तथा विकास के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में जिस साहस और नेतृत्व का परिचय दिया, वह आज भी प्रेरणास्त्रोत है। जनजातीय समाज की उन्नति के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच जरूरी है। उन्होंने समाज की नई पीढ़ी से अपनी गौरवशाली परंपरा और महापुरुषों के इतिहास को जानने तथा आगे बढ़ाने का आह्वान किया। सांसद गणेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और समाज के अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है। जनजातीय नायकों के योगदान कोइतिहास और नई पीढ़ी के बीच पहुंचाना जरूरी है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को मजबूत करते हैं। विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार ने कहा कि बांका जैसे गांव में जनजातीय महापुरुष की जयंती पर बड़ी संख्या में लोगों का जुटना गौरव की बात है।

भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को केवल समारोह तक सीमित न रखकर सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और क्षेत्र के विकास से जोड़ना होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ से हुई। इसके बाद मंचीय एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। अतिथियों ने प्रतिभाओं को सम्मानित किया और प्रमाण पत्र वितरित किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी