हरदा में राष्ट्रीय एकता दिवस पर निकली ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन

 






हरदा, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को हरदा में ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन का आयोजन किया गया। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दौड़ को कलेक्टर कुमार सत्यम ने घंटाघर चौक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर एसडीएम हरदा शैलेन्द्र बड़ौनिया, डीएसपी महिला सेल अरुणा सिंह, एसडीओपी शालिनी परस्ते, डिप्टी कलेक्टर अशोक डेहरिया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रोशन सिंह बाथम, जिला शिक्षा अधिकारी डीएस रघुवंशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

मैराथन घंटाघर चौक से शुरू होकर चांडक चौराहा, पोस्ट ऑफिस चौराहा, टांक चौराहा, प्रताप टॉकीज और संत कंवरराम चौक से होते हुए नेहरू स्टेडियम के गेट नंबर-4 पर संपन्न हुई।

मैराथन शुरू होने से पहले घंटाघर चौक पर कलेक्टर कुमार सत्यम ने उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों, खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई।

समापन अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि आज सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दिन को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Pramod Somani