सागर में स्कूल बसों की जांच शुरू, 13 वाहनों में मिलीं सुरक्षा संबंधी खामियां
सागर, 09 जून (हि.स.)। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश के सागर जिले में परिवहन विभाग ने स्कूल बसों के निरीक्षण का विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) और उनकी टीम ने मंगलवार को शहर के विभिन्न निजी विद्यालयों में पहुंचकर बसों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज कुमार तेन्हगुरिया ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में पारस विद्या विहार, दिल्ली पब्लिक स्कूल और दून पब्लिक स्कूल की करीब 46 बसों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 13 बसों में विभिन्न सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं, जिनके सुधार के लिए संबंधित स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं।
आरटीओ के अनुसार निरीक्षण सुप्रीम कोर्ट और सीबीएसई द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों के आधार पर किया गया। बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स और आपातकालीन निकास जैसी व्यवस्थाओं की जांच की गई। इसके अलावा चालक की योग्यता, अनुभव और परिचालक की उपलब्धता भी परखी गई।
अभियान के तहत यह भी देखा गया कि बसों का रंग निर्धारित मानकों के अनुरूप हो, उन पर स्पष्ट रूप से स्कूल बस अंकित हो तथा खिड़कियों और दरवाजों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त हो। सीटों के नीचे बच्चों के बैग रखने की पर्याप्त व्यवस्था की भी जांच की गई।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह निरीक्षण अभियान 15 जून तक जारी रहेगा। इसके बाद स्कूल खुलने पर सड़कों पर संचालित बसों का भी औचक निरीक्षण किया जाएगा।
आरटीओ मनोज कुमार तेन्हगुरिया ने स्कूल संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित समय सीमा में कमियां दूर नहीं करने वाले वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त किए जा सकते हैं तथा संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे