जबलपुर : आरटीओ कार्यालय में ऑटो चालकों को बनाया बंधक! गेट पर ताला लगाकर अधिकारी नदारद

 


जबलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित

आरटीओ कार्यालय में शनिवार को एक अजीबोगरीब स्थिति निर्मित हो गई। सुबह दस्तावेजों की कमी बताकर बड़ी संख्या में ऑटो जब्त कर कार्यालय परिसर में खड़े करवा दिए गए।

कार्रवाई के दौरान कुछ ऑटो चालक कार्यालय से बाहर निकल आए, जबकि कुछ अंदर ही रह गए। इसी बीच कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया और आरटीओ के जिम्मेदार अधिकारी भी मौके से नदारद हो गए। नतीजतन, कार्यालय के अंदर रह गए ऑटो चालक सुबह से ही भूखे-प्यासे परेशान होते रहे।

ऑटो चालकों के मुताबिक, सुबह आरटीओ अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए उनके ऑटो जब्त कर कार्यालय परिसर में खड़े करवा दिए थे। इसके बाद कुछ चालक बाहर निकल गए, लेकिन कई चालक कार्यालय परिसर के अंदर ही रह गए। इसी दौरान सुरक्षा कर्मियों ने अधिकारियों के निर्देश पर मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद अंदर मौजूद चालकों के लिए बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।

ऑटो चालकों का आरोप है कि सुबह से वे आरटीओ अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन किसी से बात नहीं हो सकी।

शनिवार का अवकाश होने के कारण कार्यालय में कोई जिम्मेदार अधिकारी उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। शाम करीब चार बजे तक भी अंदर फंसे चालकों की सुध लेने कोई अधिकारी नहीं पहुंचा।

परेशान ऑटो चालकों ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना देने के साथ ही सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और माढ़ोताल थाना पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरटीओ के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि कोई भी जिम्मेदार अधिकारी पुलिस अधिकारियों के फोन का जवाब देने को तैयार नहीं हुआ।

दस्तावेजों की जांच के नाम पर ऑटो जब्त करने की कार्रवाई के बाद चालकों को कार्यालय परिसर में इस तरह छोड़ देना और मुख्य गेट पर ताला लगा देना गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। यदि चालक कार्यालय के अंदर मौजूद थे, तो उनकी सुरक्षित निकासी की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? शनिवार की छुट्टी के बावजूद कार्रवाई के बाद जिम्मेदार अधिकारी मौके पर क्यों उपलब्ध नहीं रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक