मंदसौरः मामूली बारिश में ही तालाब बन जाती श्रीजी नगर की सड़कें, जलभराव से रहवासी परेशान
मंदसौर, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर के वार्ड क्रमांक 05 स्थित श्रीजी नगर (शनि मंदिर के पास) क्षेत्र में रविवार को हुई हल्की बारिश के बाद ही जलभराव की गंभीर समस्या सामने आ गई है। क्षेत्र की सड़कों पर पानी भर जाने से रहवासियों को दैनिक आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। घरों के बाहर और सड़क पर जमा पानी ने स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है।नालिया जाम होने की वजह से समस्या ओर बढ़ गई हे।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, बारिश रुक जाने के बाद भी लंबे समय तक पानी सड़कों पर जमा रहता है, जिससे लोगों को घरों से निकलने और आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में परेशानी होती है। कई स्थानों पर पानी भर जाने से सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगी हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में जल निकासी की समस्या कोई नई नहीं है। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि बारिश से पहले नालियों की समुचित सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाता तो आज यह स्थिति नहीं बनती।
स्थानीय नागरिकों ने पार्षद की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। रहवासियों का कहना है कि जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस प्रयास नजर नहीं आ रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि हल्की बारिश में ही ऐसी स्थिति बन रही है तो आगामी दिनों में तेज एवं लगातार बारिश होने पर हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। जलभराव के कारण गंदगी फैलने और मच्छरों के प्रकोप की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि श्रीजी नगर क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा स्थायी समाधान के लिए आवश्यक निर्माण एवं सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बारिश के पूरे मौसम में उन्हें इसी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया