सतना में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, एक की मौत, 25 घायल, मूंगफली तोड़ने जा रहे थे छतरपुर
भोपाल/सतना, 13 अक्टूबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र में दुरेहा घाट के मोड़ पर मंगलवार दोपहर मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए। सभी मजदूर मूंगफली तोड़ने के काम के लिए छतरपुर जा रहे थे। घायलों को उपचार के लिए नागौद अस्पताल पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार, सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र में दुरेहा घाट के मोड़ पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे यह हादसा हुआ। पिकअप में 30 से 40 लोग सवार बताए जा रहे हैं। पिकअप में सवार मजदूर तुशगवा पटिहट से छतरपुर जा रहे थे। उन्हें वहां मूंगफली तोड़ने का काम करना था। इसी दौरान दुरेहा घाट के एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क पर पलट गई। वाहन पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर जसो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि करीब 25 मजदूर घायल हो गए। । घायलों को उपचार के लिए नागौद अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में रामकिशोर कोल उम्र 50 वर्ष पुत्र कंछेदीलाल निवासी तुसगवां, जिला सतना की मौत हो गई है। जबकि घायल मजदूरों में सोमवती आदिवासी उम्र 14 वर्ष, फूलबाई आदिवासी उम्र 12 वर्ष, शुक्ला आदिवासी उम्र 38 वर्ष, सीता आदिवासी उम्र 6 वर्ष, सब्बो बाई आदिवासी उम्र 8 वर्ष, फूलबाई आदिवासी उम्र 7 वर्ष, सुमिताबाई आदिवासी उम्र 10 वर्ष, रवीना आदिवासी उम्र 12 वर्ष, असमान आदिवासी उम्र 4 वर्ष, रसनी आदिवासी उम्र 18 वर्ष, सुनीता आदिवासी उम्र 32 वर्ष, सुनीलाल आदिवासी उम्र 40 वर्ष, कृष्णा आदिवासी उम्र 24 वर्ष, अजय आदिवासी उम्र 25 वर्ष, शैलेंद्र आदिवासी उम्र 27 वर्ष, महिमाबाई आदिवासी उम्र 45 वर्ष शामिल हैं। इन्हें नागौद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, चार मजदूरों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जिनमें दम्मू आदिवासी उम्र 27 वर्ष, कल्लाबाई आदिवासी उम्र 52 वर्ष, पार्वती आदिवासी उम्र 40 वर्ष, निमिया बाई उम्र 60 वर्ष शामिल हैं। सभी घायल तुसगवां, थाना उचेहरा, जिला सतना के रहने वाले हैं।
पिकअप में सवार मजदूरों ने चालक पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रास्ते में उन्होंने कई बार चालक को गाड़ी धीरे चलाने के लिए कहा, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद दुरेहा घाट के मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और वाहन पलटने की वजह क्या रही, इसका पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत