नरसिंहपुर में नेशनल हाईवे-44 पर बड़ा सड़क हादसा, मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 6 गंभीर घायल
नरसिंहपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में शनिवार सुबह नेशनल हाईवे-44 पर एक सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 12 से 13 मजदूर सवार थे। सभी मजदूर भवन निर्माण कार्य के लिए मुंगवानी थाना क्षेत्र के ग्राम देवनगर में लेंटर डालने जा रहे थे। अधिकांश श्रमिक छिंदवाड़ा जिले के हरई क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं, जो मजदूरी के लिए नरसिंहपुर आए थे।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे पिकअप जैसे ही दादा महाराज मंदिर ओवरब्रिज के पास पहुंची, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार के कारण पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मजदूर वाहन के अंदर और सड़क पर गिर पड़े तथा मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना देखकर राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत दौड़कर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और बाद में जिला अस्पताल नरसिंहपुर भेजा। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में ईएमटी हेमंत प्रजापति, मोहिनी, पायलट नीलेश लोधी और नौसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये मजदूर हुए गंभीर घायल
मिथलेश रजक (35), यादव कॉलोनी, नरसिंहपुर
लम्बू, निवासी हरई, जिला छिंदवाड़ा
रामगोपाल उइके (32), ग्राम बटका, थाना हरई
नीलेश कुमार इनवाती (29), ग्राम अटारी, थाना हरई
कोंकणराम नौरिया (35), ग्राम महका, थाना ठेमी
नरबदी बाई (32), ग्राम रातामाटी, थाना हरई (वर्तमान निवास मगरधा, स्टेशनगंज)
डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है, जबकि कुछ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलने पर स्टेशनगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे