देवास में भीषण सड़क हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार दाे युवकाें की मौत, एक गंभीर
- आक्रोशित ग्रामीणों ने किया दो घंटे तक चक्काजाम
भोपाल/देवास, 30 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के देवास जिले के शिप्रा बायपास स्थित रूपाखेड़ी के समीप शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक अनियंत्रित कार ने डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन में आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नायता पुवाल्डा के रहने वाले हैदर (40 वर्ष), अंसार और इमरान शनिवार सुबह बाइक पर सवार होकर इंदौर काम के लिए निकले थे। ये तीनों मोटर निकालने का काम करते थे। जैसे ही वे रूपाखेड़ी रेलवे ब्रिज पर पहुंचे, इंदौर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार सड़क की खराबी के कारण अचानक असंतुलित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बेकाबू कार करीब 100 फीट तक घिसटती हुई डिवाइडर लांघकर दूसरी लेन (रॉन्ग साइड) में घुस गई और सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भयावह थी कि हैदर उछलकर ब्रिज से करीब 50 फीट नीचे जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अंसार और इमरान के शरीर के पैर कटकर अलग हो गए। हादसे में अंसार ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल इमरान को नाजुक हालत में प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत इंदौर रेफर किया गया है।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण भारी संख्या में मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों का आरोप था कि दुर्घटना के काफी देर बाद तक न तो एम्बुलेंस पहुंची और न ही पुलिस की कोई मदद मिली। मजबूरन मृतकों के शवों और घायल इमरान को निजी वाहनों तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाना पड़ा। इसी बात से नाराज होकर ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम अभिषेक शर्मा, सीएसपी सुमित अग्रवाल और ट्रैफिक डीएसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में स्थानीय विधायक मनोज चौधरी भी घटनास्थल पर आए और उन्होंने ग्रामीणों को ढांढस बंधाया। प्रशासन द्वारा सड़क की कमियों को जल्द दुरुस्त करने और जिम्मेदार एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई का लिखित आश्वासन मिलने के बाद करीब दो घंटे बाद जाम खोला जा सका।
स्थानीय निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रूपाखेड़ी रेलवे ब्रिज की निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि ब्रिज की सड़क समतल न होने के कारण तेज रफ्तार वाहन अक्सर अनियंत्रित हो जाते हैं और यहां पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। इस संबंध में सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर कार को जब्त कर लिया है। ग्रामीणों द्वारा बताई गई सड़क की तकनीकी खामियों की शिकायत को सड़क सुरक्षा समिति की आगामी बैठक में प्रमुखता से रखा जाएगा ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत