बालाघाट जिले में भीषण सड़क हादसा, सीमेंट से भरे ट्रक ने बाइक को रौंदा, तीन दोस्तों की मौत
भोपाल/बालाघाट, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के भरवेली थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक तेज रफ्तार सीमेंट से भरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में मॉयल कर्मचारी सहित उसके दो मजदूर दोस्तों की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, भरवेली थाना इलाके के मानेगांव में बुधवार रात उस वक्त एक हादसा हो गया, जब एक ही मोहल्ले के रहने वाले तीन दोस्त बाइक से टेकाड़ी में चाय-नाश्ता करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बालाघाट से मलाजखंड की ओर सीमेंट लेकर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी तेज थी कि बाइक चला रहे 41 वर्षीय मॉयल कर्मचारी गोविंद मर्सकोले ट्रक के पहिए की चपेट में आ गए और करीब 50 से 60 मीटर तक घिसटते चले गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भरवेली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल दोनों अन्य युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में भर्ती कराए गए घायलों में से प्रकाश चौरे (41) ने बुधवार रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, बेहद गंभीर हालत में 23 वर्षीय धानेश्वर मर्सकोले को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया जा रहा था, लेकिन गुरुवार सुबह रास्ते में उन्होंने भी अंतिम सांस ली। मृतक गोविंद मर्सकोले अपने परिवार के इकलौते बेटे थे, जिनके पीछे पत्नी, दो बच्चे और बुजुर्ग मां हैं। मजदूरी करने वाले प्रकाश चौरे अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों का बड़ा परिवार छोड़ गए हैं, जबकि सबसे छोटा दोस्त धानेश्वर अभी अविवाहित था। पूर्व उपसरपंच पवन डहरवाल और स्थानीय सरपंच ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा व सहायता देने की मांग की है।
भरवेली थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह पंद्रो ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। इसके साथ ही हिट एंड रन के मामले में फरार हुए ट्रक चालक नसरत अली निवासी बल्लारशाह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने जिला अस्पताल में तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत