विंध्य विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संभाला कार्यभार, क्षेत्रीय विकास को बताया प्राथमिकता

 


रीवा, 03 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के विंध्य विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति तथा उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह और संजय तीर्थवानी ने बुधवार को रीवा स्थित संभागायुक्त कार्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विंध्य क्षेत्र के समग्र विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया गया।

पदभार ग्रहण करने से पहले सभी पदाधिकारी भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के प्रेरणास्रोत महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद चिरहुला नाथ सरकार के दरबार में दर्शन-पूजन कर विंध्य क्षेत्र की समृद्धि, खुशहाली और विकास की कामना की।

कार्यक्रम की एक विशेष पहल यह रही कि प्राधिकरण के पदाधिकारी इलेक्ट्रिक वाहन से संभागायुक्त कार्यालय पहुंचे। इसे पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के संदेश के रूप में देखा गया।

पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उपाध्यक्ष संजय तीर्थवानी ने कहा कि विंध्य विकास प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के विकास को नई गति देना और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा। उन्होंने बताया कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और आधारभूत ढांचे के विकास जैसे विषयों पर विशेष फोकस किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र के साथ-साथ सतना जिले से जुड़े विकासात्मक मुद्दों को भी गंभीरता से उठाया जाएगा। क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस दौरान विंध्य क्षेत्र के संतुलित, समावेशी और दीर्घकालिक विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी