रीवा में तेज रफ्तार हाईवा ने छात्रा को कुचला, गंभीर हालत में जबलपुर रेफर

 


रीवा, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवाजिले के चोरहटा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह अवैध खनिज से भरे एक तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क किनारे खड़ी 13 वर्षीय छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे रीवा में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवा में तोड़फोड़ कर अपना विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार, भोलगढ़ से खनिज लेकर आ रहा हाईवा कपूरी रोड के सामने अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी छात्रा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर कुछ दूरी तक आगे बढ़ गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जबलपुर रेफर कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने हाईवा को घेर लिया और उसमें तोड़फोड़ कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध खनिज से भरे ओवरलोड वाहन लगातार तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई और नियमित जांच की मांग की।

पुलिस ने संभाली स्थिति, जांच शुरू

सूचना मिलते ही चोरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने हाईवा को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वाहन के दस्तावेज, खनिज परिवहन की वैधता और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि हाईवा की टक्कर से 13 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे