रीवा में भीषण सड़क हादसा, नगर निगम के कचरा वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंदा, एक की मौत

 


रीवा, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार नगर निगम के कचरा वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और युवक करीब 100 मीटर दूर जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ट्रक के पिछले टायरों के बीच फंस गए। दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर रायपुर कर्चुलियान से रीवा की ओर आ रहे थे। रीवा-मनगवां मार्ग स्थित बायपास पर सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार नगर निगम के कचरा वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और सवार सड़क पर उछलकर करीब 100 मीटर दूर जा गिरे। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ट्रक के पिछले पहियों के बीच फंस गए।

टायरों के बीच फंसे घायलों को लोगों ने निकाला

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को ट्रक के पहियों के बीच से निकालकर संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के सीएमओ डॉ. अलख प्रकाश ने बताया कि दोनों घायलों की हालत बेहद गंभीर है। उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर आईसीयू में भर्ती किया गया है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। प्रत्यक्षदर्शी शुभम सोनी के अनुसार, नगर निगम का कचरा वाहन तेज रफ्तार से आ रहा था। वहीं बाइक सवार भी जल्दबाजी में सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों की टक्कर हो गई। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो सकी

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले युवक और दोनों घायलों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि आसपास के थानों और अन्य माध्यमों से उनकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

कचरा वाहन जब्त, फरार चालक की तलाश

थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी ने बताया कि हादसे में शामिल नगर निगम के कचरा वाहन को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की जानकारी नगर निगम से जुटाई जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे