रीवा: कल्पना मिश्रा माैत मामले में पिता की भूख हड़ताल 10वें दिन भी जारी, स्वास्थ्य बिगड़ा, कांग्रेस के धरने में पहुंचे जीतू पटवारी
रीवा, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में न्याय और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर उनके पिता की भूख हड़ताल गुरुवार को 10वें दिन भी जारी रही। सिरमौर चौराहे पर अनशन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। कमजोरी बढ़ने के कारण वे अब ठीक से बैठ भी नहीं पा रहे हैं और लेटकर ही अनशन कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार उनकी हालत पहले की तुलना में काफी खराब हुई है।
परिजनों का कहना है कि लगातार भोजन नहीं लेने के कारण पिता की सेहत पर असर पड़ा है। हालत बिगड़ने के बावजूद वे अपनी मांगों को लेकर अनशन समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हैं। परिवार का कहना है कि जब तक कल्पना को न्याय नहीं मिलता और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इलाज और स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
कल्पना मिश्रा की मौत के बाद से ही परिवार की ओर से अस्पताल की व्यवस्थाओं और इलाज में कथित लापरवाही को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं। परिवार कार्रवाई की मांग को लेकर अलग-अलग स्तर पर प्रदर्शन कर रहा है। इसी क्रम में कल्पना के पिता पिछले 10 दिनों से सिरमौर चौराहे पर भूख हड़ताल पर हैं। लगातार अनशन के चलते उनकी तबीयत खराब होने से परिवार और समर्थकों की चिंता बढ़ गई है। परिजनों के मुताबिक अब वे बातचीत करने की स्थिति में भी नहीं हैं और कमजोरी के कारण बैठने में परेशानी हो रही है।
अग्रसेन चौराहे पर कांग्रेस का धरना, पटवारी ने दिया समर्थन
इधर, कल्पना मिश्रा मामले और रीवा की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस का आंदोलन भी जारी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को रीवा पहुंचे और अग्रसेन चौराहे पर चल रहे पार्टी के धरने में शामिल होकर आंदोलन को समर्थन दिया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कल्पना मिश्रा मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और रीवा की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी के मुताबिक इससे पहले भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन जता चुके हैं। वहीं, सिरमौर चौराहे पर कल्पना के पिता की लगातार बिगड़ती सेहत आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बन गई है। परिवार का कहना है कि स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद वे न्याय की मांग को लेकर अनशन जारी रखे हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे