रीवा में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार पिकअप-ऑटो की आमने-सामने टक्कर, 5 घायल, 2 की हालत गंभीर
रीवा, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के पनवार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब शिवपुर गांव के पास पिकअप और ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑटो सवार 5 लोग घायल हो गए, जिनमें चालक, 4 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, ऑटो रामबाग से देवरी की ओर सवारियां लेकर जा रहा था। सुबह के समय जैसे ही वाहन शिवपुर के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस और 112 पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।
2 गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
घायलों में घूमन निवासी योगेंद्र यादव (38) और देवरी निवासी राजकुमारी यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रीवा रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज जवा अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का आरोप-नाबालिग चला रहे वाहन
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि तेज रफ्तार और बिना लाइसेंस वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खासतौर पर तराई इलाकों में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से हादसों का खतरा बना रहता है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे