रीवा: सिलपरा डैम में डूबे सेना के जवान का शव 6 दिन बाद मिला, नहर का पानी रोककर एनडीआरएफ ने चलाया विशेष अभियान

 


रीवा, 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सिलपरा डैम में छह दिन पहले डूबे सेना के जवान गौरव द्विवेदी का शव मंगलवार सुबह बरामद कर लिया गया। एनडीआरएफ, एसडीईआरएफ और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने विशेष सर्च ऑपरेशन चलाकर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। जवान बीते बुधवार को डैम में नहाते समय गहरे पानी में चले गए थे और तभी से लापता थे।

जानकारी के अनुसार, बघवार गांव निवासी गौरव द्विवेदी (28) छुट्टी पर घर आए हुए थे। बीती बुधवार (3 जून) सुबह वह अपने भाई-बहनों के साथ सिलपरा डैम घूमने गए थे। नहाने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद से ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थीं, लेकिन शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिल सकी।

नहर का पानी रोका, 40 फीट तक घटी गहराई

लगातार छह दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर प्रशासन ने मंगलवार को बड़ा कदम उठाया। डैम से जुड़ी नहर का पानी पूरी तरह रोक दिया गया, जिससे जलस्तर में करीब 40 फीट की कमी आई। इसके बाद सुबह 6 बजे से एनडीआरएफ आगरा की स्पेशल टीम और एसडीईआरएफ के जवानों ने सघन खोज अभियान शुरू किया। जलस्तर कम होने के बाद रेस्क्यू टीमों को खोज अभियान में सफलता मिली। करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सुबह 9 बजे गौरव द्विवेदी का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की खबर से परिजनों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, प्रशासन ने कठिन परिस्थितियों में लगातार अभियान चलाने वाली रेस्क्यू टीमों के प्रयासों की सराहना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे