रीवा: सिलपरा डैम में नहाते समय सेना का जवान डूबा, एसडीईआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी

 


रीवा, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सिलपरा डैम में बुधवार सुबह एक सेना का जवान नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा जवान की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू किया गया।

पुलिस के अनुसार, बघवार गांव निवासी गौरव द्विवेदी (28) भारतीय सेना में पदस्थ हैं और कुछ दिन पहले ही अवकाश पर अपने घर आए थे। बुधवार सुबह करीब 6 बजे वे अपने भाई-बहनों के साथ सिलपरा डैम घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान नहाने के लिए पानी में उतरने पर उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए। परिजनों के सामने ही वे देखते-देखते पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गोताखोरों तथा बोट की मदद से डैम में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक जवान का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

परिजनों ने बताया कि गौरव छुट्टी लेकर परिवार के साथ समय बिताने घर आए थे। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी डैम पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसडीईआरएफ प्रभारी विकास पांडेय ने बताया कि जवान की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। गोताखोरों और बचाव दल की टीम डैम के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि जवान का पता चलने तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे