रीवाः सिलपरा नहर में डूबे 17 वर्षीय जुड़वा भाइयों का दूसरा दिन भी नहीं चला पता

 


रीवा, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में बिछिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम सिलपरा नहर में नहाने के दौरान 17 साल के दो जुड़वा भाई डूब गए। दोनों भाई लापता हो गए हैं और अब बुधवार को खबर लिखे जाने तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।

डूबने वाले दोनों भाइयों की पहचान अंशु सेन और प्रांशु सेन के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 17 साल बताई जा रही है। वे मूल रूप से पोडकी गांव के रहने वाले थे, लेकिन पढ़ाई और काम के सिलसिले में शहर में पीटीएस चौराहे के पास किराए के कमरे में रहते थे।

दोस्तों के साथ घूमने निकले थे, फिर हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई मंगलवार शाम अपने पांच दोस्तों के साथ घूमने निकले थे। घूमते-घूमते सभी दोस्त सिलपरा नहर की तरफ चले गए। बताया जा रहा है कि नहर के पास पहुंचने के बाद दोनों भाई पानी में उतरे और इसी दौरान गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों डूब गए। साथ में मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव और गहराई ज्यादा होने के कारण वे कुछ नहीं कर पाए। घटना के बाद दोस्तों ने तुरंत शोर मचाया और आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

रात होने के कारण नहीं हो सका रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलते ही बिछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाने की तैयारी की, लेकिन शाम हो चुकी थी और अंधेरा काफी बढ़ गया था। नहर में अंधेरे में तलाश करना बेहद मुश्किल था, इसलिए रात में रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं हो सका।

बिछिया थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने बताया कि अंधेरे और सुरक्षा कारणों से रात में रेस्क्यू रोकना पड़ा। बुधवार सुबह फिर से दोनों भाइयों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया जो दिनभर चला गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से नहर में तलाश की गई किंतु अभी भी हाथ खाली है।

गांव और परिवार में पसरा मातम

इस घटना के बाद से पोडकी गांव और पीटीएस चौराहे के आसपास रहने वाले लोगों में मातम पसरा हुआ है। दो जुड़वा भाइयों के एक साथ डूबने की खबर से हर कोई सदमे में है। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता को यकीन ही नहीं हो रहा कि उनके दोनों बेटे एक साथ इस तरह लापता हो जाएंगे।

पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द दोनों भाइयों की तलाश की जाएगी। फिलहाल, पूरे इलाके में इस हादसे की चर्चा हो रही है और सभी की नजर फिर सुबह होने वाले रेस्क्यू अभियान पर टिकी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी