रीवा-सीधी रेल परियोजना: आखिर कब पूरा होगा विंध्य की जनता का इंतजार
रीवा, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की बहुप्रतीक्षित रीवा-सीधी रेल परियोजना को लेकर विंध्य क्षेत्र की जनता में अब निराशा और नाराजगी बढ़ने लगी है। वर्षों से विकास की उम्मीद मानी जा रही यह परियोजना लगातार देरी, धीमी निर्माण गति और अव्यवस्थाओं के कारण सवालों के घेरे में आ गई है।
मार्च माह में ट्रेन के चुरहट तक पहुंचने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अप्रैल तक रामपुर-चुरहट खंड और अगस्त तक चुरहट-सीधी खंड का सीआरएस पूरा कर पैसेंजर ट्रेन संचालन शुरू हो जाएगा। लेकिन अब मिल रही जानकारियों के अनुसार सीधी तक रेल सेवा शुरू होने में अभी और लंबा समय लग सकता है।
बताया जा रहा है कि चुरहट से सीधी के बीच बनने वाले पुलों और टनलों का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। वहीं रामपुर-चुरहट खंड में भी निर्माण कार्य तय समयसीमा से पीछे बताया जा रहा है। ट्रैक बिछाने की प्रक्रिया में भी अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई दे रही, जिससे परियोजना की समयसीमा लगातार आगे खिसकती जा रही है।
परियोजना को लेकर क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज है कि निर्माण कार्यों को कथित तौर पर ऐसी एजेंसियों को सौंपा गया, जिनकी कार्यक्षमता पर पहले से सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि अनुभवी और सक्षम एजेंसियों को जिम्मेदारी दी जाती तो परियोजना अब तक काफी आगे बढ़ चुकी होती। निर्माण गुणवत्ता और कार्य की रफ्तार दोनों को लेकर लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सीधी जिले तक रेल सेवा शुरू न होने से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। लोगों के अनुसार यह परियोजना केवल रेल संपर्क का माध्यम नहीं, बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की आधारशिला है।
स्थानीय युवाओं और व्यापारियों में इस बात को लेकर विशेष नाराजगी है कि वर्षों से केवल घोषणाएं और आश्वासन मिल रहे हैं, लेकिन जमीन पर अपेक्षित प्रगति दिखाई नहीं दे रही। लगातार हो रही देरी के चलते अब जनआक्रोश भी बढ़ने लगा है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के लोग जल्द ही जनप्रतिनिधियों और सांसद को ज्ञापन सौंपकर परियोजना में तेजी लाने की मांग करेंगे, हालांकि क्षेत्रीय सांसद ने लोगों को आश्वासन दिया है कि मामले से रेल मंत्री को अवगत कराया जाएगा और निर्माण कार्य में तेजी लाने का प्रयास किया जाएगा।
रीवा-सीधी रेल परियोजना विंध्य क्षेत्र की सबसे बड़ी विकास योजनाओं में मानी जाती है। ऐसे में अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर वह दिन कब आएगा, जब सीधी तक रेलगाड़ी पहुंचेगी और क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी