रीवा रेलवे स्टेशन में यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधाएँ
रीवा, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य तेजी से किया जा रहा है। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में अब छह एस्केलेटर और चार अत्याधुनिक लिफ्ट लगाने का काम शुरू हो गया है। इससे यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में आसानी होगी। खासतौर पर बुजुर्गों, दिव्यांगों, बीमार व्यक्तियों और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
पश्चिम मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी पीयूष माथुर ने बुधवार को बताया कि वर्तमान में रीवा रेलवे स्टेशन पर पांच प्लेटफॉर्म चालू हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर एस्केलेटर और लिफ्ट स्थापित करने का कार्य प्रारंभ किया गया है। रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छह एस्केलेटर तीन प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे। इनमें ऑटो पार्किंग क्षेत्र से स्टेशन प्रवेश की ओर, निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज तथा प्लेटफॉर्म नंबर चार शामिल हैं। वहीं चार लिफ्ट नए फुट ओवरब्रिज प्लेटफॉर्म नंबर दो और चार पर स्थापित की जाएंगी। इन सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों को सीढ़ियों के सहारे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने की परेशानी सेकाफी हद तक राहत मिलेगी।
22.99 करोड़ रुपये से हो रहा स्टेशन का पुनर्विकास
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रेलवे बोर्ड ने रीवा रेलवे स्टेशन के विकास के लिए 22.99 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से स्टेशन की बाहरी सुंदरता बढ़ाने, गार्डन विकसित करने, नई बिल्डिंग बनाने, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, पार्किंग व्यवस्था और फुट ओवरब्रिज निर्माण सहित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। रेलवे के निर्धारित मानकों के अनुसार एक एस्केलेटर की अनुमानित लागत करीब एक करोड़ रुपये और एक लिफ्ट की लागत लगभग 40 लाख रुपये बताई गई है। इस हिसाब से छह एस्केलेटर और चार लिफ्ट पर करीब 7.60 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमानहै।
रोजाना 30 हजार यात्रियों की आवाजाही
रीवा रेलवे स्टेशन विंध्य क्षेत्र का प्रमुख रेल केंद्र है। यहां से वर्तमान में 14 ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इनमें रीवा-रानी कमलापति वंदे भारत एक्सप्रेस, रेवांचल एक्सप्रेस, महामना एक्सप्रेस के अलावा मुंबई और दिल्ली सहित अन्य प्रमुख शहरों श के लिए चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं। स्टेशन मास्टर के अनुसार, प्रतिदिन करीब 30 हजार यात्री स्टेशन से आवागमन करते हैं। यात्रियों की इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे न केवल प्लेटफॉर्म तक पहुंचना आसान होगा, बल्कि यात्रियों के आवागमन में भी सुविधा होगी।
काम शुरू लेकिन समय-सीमा का इंतजार
स्टेशन पर एस्केलेटर लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। हालांकि, सभी लिफ्ट और एस्केलेटर यात्रियों के लिए कब तक शुरू हो जाएंगे, इसकी अतिम समय-सीमा रेलवे की ओर से अभी घोषित नहीं की गई है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्य पूरे होने के बाद रीवा रेलवे स्टेशन का स्वरूप पहले से अधिक आधुनिक और सुविधाजनक हो जाएगा। अब यात्रियों कोइन सुविधाओं के शुरू होने का इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी