रीवा : लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, पीडब्ल्यूडी के प्रभारी मुख्य अभियंता 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 


रीवा, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग के प्रभारी मुख्य अभियंता कैलाश कुमार लच्छे को रिश्वत के मामले में रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उनके सहयोगी धर्मवीर भारती को भी 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार सतना स्थित टेस्टिंग लैब पीवीपी एलटीडी के प्रबंधक सोनू सिंह ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मुख्य अभियंता कैलाश कुमार लच्छे उनकी फर्म से हर महीने एक लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। संबंधित फर्म निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण कर सरकारी और निजी कार्यों की रिपोर्ट तैयार करती है।

शिकायतकर्ता के अनुसार कैलाश कुमार लच्छे के रीवा पदस्थ होने के बाद फर्म द्वारा तैयार की जाने वाली जांच रिपोर्ट पर रोक लगा दी गई थी। इसके चलते सरकारी ठेकेदार गुणवत्ता परीक्षण के लिए फर्म का रुख नहीं कर पा रहे थे और उनके भुगतान भी प्रभावित हो रहे थे। सरकारी काम दिलाने के लिए जब फर्म के प्रबंधक ने मुख्य अभियंता से संपर्क किया तो उनसे हर महीने एक लाख रुपये देने की मांग किए जाने का आरोप है।

शिकायत के सत्यापन के बाद कार्रवाई

सोनू सिंह ने 4 अगस्त को लोकायुक्त में शिकायत की थी। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान भी रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई और कैलाश कुमार लच्छे ने अपने सहयोगी धर्मवीर भारती के माध्यम से 50 हजार रुपये लिए थे।

मंगलवार को लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई के लिए उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम गठित की। शिकायतकर्ता सोनू सिंह को टीम के साथ सिविल लाइन स्थित अटल पार्क के सामने मुख्य अभियंता के सरकारी आवास भेजा गया। जैसे ही मुख्य अभियंता के सहयोगी धर्मवीर भारती ने 50 हजार रुपये की रिश्वत राशि ली, लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत की राशि बरामद कर दोनों आरोपितों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

विदिशा से बुलाए गए सहयोगी पर भी जांच

जांच में सामने आया है कि कैलाश कुमार लच्छे की उम्र 59 वर्ष है। उनके पिता का नाम हरिचरण लच्छे है और उनका स्थायी निवास न्यू मिनाल रेजिडेंसी, भोपाल में बताया गया है। रीवा में वे अटल पार्क के सामने स्थित सरकारी आवास में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार, उनके साथ धर्मवीर भारती भी रह रहा था। धर्मवीर भारती की उम्र 59 वर्ष है और वह मूल रूप से रामयणी सिटी मेन बायपास, जिला विदिशा का निवासी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि धर्मवीर भारती के माध्यम से रिश्वत की राशि ली जाती थी और वसूली की रकम में उसका भी हिस्सा होता था। लोकायुक्त पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी