रीवा में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो लग्जरी वाहनों के साथ छह तस्कर गिरफ्तार

 


रीवा, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई की है। चोरहटा थाना पुलिस ने 11-12 सितंबर की दरमियानी रात गांजे की एक खेप पकड़ी। पुलिस के अनुसार यह खेप शहडोल की ओर से रीवा लाई जा रही थी। कार्रवाई में दो लग्जरी वाहनों को जब्त करने के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जब्त मशरूका की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई है।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई की शुरुआत रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत को मिली मुखबिर की सूचना से हुई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरुकरण सिंह ने चोरहटा पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान गांजे की खेप लेकर आ रहे दो लग्जरी वाहनों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लिया और मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये है। आरोपियों से गांजे की सप्लाई और इस कारोबार से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस की पूछताछ का मुख्य फोकस गांजे की खेप के स्रोत और उसके संभावित खरीदारों तक पहुंचने पर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और रीवा में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

पूछताछ के दौरान नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और बड़े तस्करों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना भी बताई जा रही है।

चोरहटा पुलिस की इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सीएसपी ऋतु उपाध्याय ने किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई कार्रवाई को रीवा पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस जब्त किए गए मशरूका, गांजे की मात्रा, वाहनों और तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी