रीवाः बारिश के बीच शहर में उतरे कलेक्टर, जलभराव वाले इलाकों का लिया जायजा

 


रीवा, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा शहर में शनिवार को लगातार चार घंटे हुई बारिश के बाद कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। आमजन की परेशानी और जल निकासी की व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी स्वयं शहर के विभिन्न वार्डों में पहुंचे। उन्होंने करीब दो घंटे तक प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके की स्थिति देखी और अधिकारियों को तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक-2, वार्ड क्रमांक-10 और वार्ड क्रमांक-15 सहित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन, एसडीएम अनुराग तिवारी तथा तहसीलदार अनुपम पांडेय उनके साथ मौजूद रहे।

रेलवे लाइन के पास जलभराव, निकासी के लिए रेलवे को निर्देश

वार्ड क्रमांक-2 में रेलवे लाइन के पास हुए जलभराव का कलेक्टर ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। कलेक्टर ने बताया कि पानी की निकासी के लिए रेलवे को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और रेलवे द्वारा जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को क्षेत्र की नालियों की सफाई कराने तथा जल निकासी के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मॉडल रोड के पास जलभराव का भी लिया जायजा

इसके बाद कलेक्टर वार्ड क्रमांक-15 पहुंचे, जहां गणेश नेत्र चिकित्सालय के पास जलभराव की स्थिति देखी। मौके पर नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि मॉडल रोड से पानी की निकासी के लिए चार स्थानों पर पुलियों के निर्माण का टेंडर लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी किया जा चुका है। बारिश कम होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

अवैध निर्माण पर सख्ती, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

कलेक्टर सूर्यवंशी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां अवैध निर्माण या अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित हो रही है, वहां नगर निगम तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाए। उन्होंने कहा कि जल निकासी के रास्तों को किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होने दिया जाए और प्रभावित क्षेत्रों में पानी की निकासी के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए।

जलभराव से हुए नुकसान का होगा सर्वे, पीड़ितों को मिलेगी राहत

जलभराव से प्रभावित लोगों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि मौसम खुलने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम इसके लिए आवश्यक तैयारियां कर रहा है। उन्होंने बताया कि जलभराव से हुई क्षति का सर्वे कराया जा रहा है और पात्र पीड़ितों को नियमानुसार उचित राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

बारिश के बीच कलेक्टर का मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना प्रशासन की सक्रियता को दर्शाता है। अधिकारियों को तत्काल राहत के साथ-साथ जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी