रीवाः आईजी गौरव राजपूत ने ली पुलिस अधीक्षकों की क्राइम समीक्षा बैठक
रीवा, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत ने सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में रीवा जोन के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों की अपराध समीक्षा बैठक एवं स्पेशल टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की।
बैठक में रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मैहर एवं मऊगंज जिलों में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान हत्या, लूट, मारपीट, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, एनडीपीएस एक्ट, सड़क दुर्घटनाओं, गुमशुदा एवं नाबालिग बालक-बालिकाओं से जुड़े मामलों सहित विभिन्न अपराधों की समीक्षा की गई।
आईजी गौरव राजपूत ने पुलिस अधीक्षकों को अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ गुम नाबालिग बालक-बालिकाओं की अधिक से अधिक दस्तयाबी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में आईजी द्वारा अवैध नशे एवं मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग एवं रात्रि गश्त बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बैठक में दिए गए अन्य निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक में सतना एसपी हंसराज सिंह, सीधी एसपी संतोष कोरी, मैहर एसपी अवधेश सिंह, मऊगंज एसपी सुरेंद्र कुमार जैन सहित रीवा जोन के अन्य पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी