शव वाहन में भरकर ले जा रहे थे चोरी की बकरियां, पुलिस ने दो आरोपितो को गिरफ्तार किया

 


रीवा, 01 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के रीवा जिले में चोरी की एक अनोखी वारदात का खुलासा हुआ है, जहां चोरों ने पुलिस की निगरानी और जांच से बचने के लिए सरकारी शव वाहन का इस्तेमाल किया। गुढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है तथा चोरी की गई बकरियां बरामद कर ली हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, गुढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पोखरा निवासी एक पशुपालक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर से छह बकरियां चोरी हो गई हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय इलाके में एक सरकारी शव वाहन जैसा वाहन संदिग्ध परिस्थितियों में देखा गया था।

इस सुराग के आधार पर एसडीओपी उदित मिश्रा के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान संदेह के आधार पर राजेश मिश्रा नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई बकरियां बरामद कर लीं और मामले में शामिल एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि चोरी की बकरियों के परिवहन के लिए स्वास्थ्य विभाग के शव वाहन का उपयोग किया गया था। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है और उससे संबंधित दस्तावेजों तथा उपयोग की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला केवल चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी वाहन के दुरुपयोग और प्रशासनिक लापरवाही से भी जुड़ा हुआ है। मामले की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को भेज दी गई है, ताकि संबंधित चालक और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी