रीवा: छुहिया घाटी में ओडिशा पुलिस टीम पर हमला, फायरिंग कर आरोपित को छुड़ा ले गए बदमाश
रीवा, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर ओडिशा पुलिस की टीम पर हमले का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार एक आरोपित को न्यायालय में पेशी के लिए ले जा रही टीम को चार वाहनों में सवार लोगों ने घेर लिया। कथित रूप से फायरिंग और मारपीट के बाद हमलावर पुलिस के कब्जे से आरोपी को छुड़ाकर अपने साथ ले गए।
घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलते ही सीधी पुलिस ने आसपास के थानों को अलर्ट किया और क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार आरोपित आदित्य मिश्रा को ओडिशा से रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। टीम छुहिया घाटी से गुजर रही थी, इसी दौरान चार वाहनों में पहुंचे लोगों ने कथित तौर पर पुलिस वाहन को घेर लिया।
ओडिशा पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर तीन बार फायरिंग की। इस दौरान बेसबॉल बैट से पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। हमलावर पुलिसकर्मियों के कब्जे से आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ाने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना के समय ओडिशा पुलिस की टीम में आठ पुलिसकर्मी मौजूद बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, टीम के पास एके-47, पिस्टल और अन्य हथियार भी थे। इसके बावजूद हमलावर आरोपित को छुड़ाकर ले जाने में सफल रहे। फायरिंग और मारपीट की सूचना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। फिलहाल किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जानकारी मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस को रवाना कर दिया गया था। एसपी के अनुसार, ओडिशा पुलिस ने बताया है कि हमलावरों ने पुलिस टीम पर तीन बार फायरिंग की और इसके बाद आरोपी को जबरन छुड़ाकर ले गए। पुलिस ने घटना में शामिल लोगों और उनके वाहनों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई गई है।
वारदात के बाद हमलावरों के वाहनों के मैहर जिले की ओर जाने की सूचना सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस वाहनों की पहचान करने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है।
छुहिया घाटी और आसपास के इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस घटना की जांच के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि हमले में कितने लोग शामिल थे और आरोपित को छुड़ाने में उनकी क्या भूमिका थी।
फिलहाल पुलिस की ओर से हमले में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी या एनडीपीएस मामले के आरोपित आदित्य मिश्रा के संबंध में आगे की कार्रवाई को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी