नवजात बच्ची को नई जिंदगी देने रीवा से एयरलिफ्ट किया
रीवा, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा के गांधी स्मृति चिकित्सालय में जन्मी 13 दिन की बच्ची को गंभीर हालत में मंगलवार को एयर एम्बुलेंस से इंदौर भेजा गया। बच्ची को सांस लेने में परेशानी थी। जांच में उसके दिल में छेद होने की पुष्टि हुई। रीवा में ऑपरेशन की सुविधा और विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, बच्ची का नाम दिव्या कोरी है। वह सिरमौर तहसील के कोचरी गांव निवासी सविता और मोतीलाल कोरी की बेटी है। जन्म के बाद से ही उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी थी। इस पर चिकित्सकों ने उसे शिशु रोग विभाग में भर्ती कर जांच की और विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में निगरानी में रखा। हृदय की जांच में छेद होने का पता चला। रीवा में इसके ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे दूसरे अस्पताल में भेजने का निर्णय लिया।
इसके बाद इंदौर के अरविंदो अस्पताल से संपर्क कर बच्ची की जांच से जुड़े दस्तावेज भेजे गए। वहां से उपचार के लिए सहमति मिलने के बाद एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई। मंगलवार को भोपाल से एयर एम्बुलेंस रीवा हवाई अड्डे पहुंची। वेंटिलेटर पर रखी बच्ची को विशेष सावधानी के साथ अस्पताल से एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया। इसके बाद बच्ची को उसके माता-पिता के साथ एयर एम्बुलेंस से इंदौर रवाना किया गया।
पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा से मिली मदद
बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सड़क मार्ग से इंदौर ले जाना जोखिम भरा था। ऐसे में पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उसे समय पर उच्चस्तरीय उपचार के लिए भेजना संभव हो सका। इस सेवा से बच्ची को बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद है। योजना के जरिए गंभीर मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी