अनूपपुर: सभी विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित मॉनिटरिंग करें- संभागायुक्त
अनूपपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के विभिन्न विभागों में संचालित शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक शनिवार को शहडोल संभागायुक्त सुरभि गुप्ता ने ली। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में संचालित योजनाओं का प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन करते हुए उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच सके और जिले की रैंकिंग में सुधार हो।
संभागायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की समीक्षा के दौरान सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों के निराकरण से जिले की शिकायतों में 53 प्रतिशत की कमी आई है, जिसके फलस्वरूप जिला ए ग्रेड में आ गया है। फिर भी और सुधार की आवश्यकता है। वर्तमान में संभाग की ओवरऑल रैंकिंग में सुधार के लिए सभी विभागों को विशेष मेहनत करने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रकरणों के निराकरण में गति लाते हुए समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, विधिवत एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।
फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने के निर्देश
संभागायुक्त ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की जानकारी में बताया गया कि जिले में अब तक 31.52 प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण हुआ है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। साथ ही नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा राजस्व प्रकरणों का पंजीयन भी नहीं रुकना चाहिए।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी गई। इस दौरान वीबी-जी राम-जी योजना के अंतर्गत जन सुरक्षा, मुख्य ग्रामीण अवसंरचना, आर्थिक परिसंपत्तियों के सृजन एवं आपदा न्यूनीकरण सहित विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई। योजना के अंतर्गत कंटूर ट्रेंच, बोल्डर चेक, गेबियन संरचना, रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग, जल स्रोतों का पुनर्जीवन, बोरवेल एवं हैंडपंप के समीप सोख्ता अथवा रिचार्ज पिट निर्माण, एक बगिया मां के नाम, गंगोत्री हरित परियोजना, मां नर्मदा परिक्रमा परियोजना, वन विभाग द्वारा नर्सरी, लघु पशु, मुर्गी एवं बकरी शेड तथा संपर्कता मार्ग निर्माण सहित अन्य कार्य किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम जनमन आवास, स्वच्छ भारत मिशन तथा ग्राम पंचायतों द्वारा ऑनलाइन कर वसूली की प्रगति के संबंध में संभागायुक्त ने इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने वॉश ऑन व्हील के संबंध में भी जानकारी प्राप्त कर इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
वन विभाग अंतर्गत संचालित वन धन केंद्रों में बताया गया कि जिले में 8 वन धन केंद्र संचालित हैं। साल वनों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि अमरकंटक मां नर्मदा नदी का उद्गम स्थल है, इसलिए इस क्षेत्र के वनों एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जिले का कोई भी मजरा-टोला विद्युतीकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।
70 प्लस आयुष्मान कार्ड निर्माण में लाएं तेजी
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी में बताया गया कि जिले में 72 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। जिस पर उन्होंने शेष कार्य को शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों में वार्ड स्तर पर एएनएम एवं वार्ड प्रभारियों के समन्वय से शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव जिला चिकित्सालय में कराने, एम्बुलेंस सेवाओं के सुचारु संचालन तथा प्रत्येक पात्र बच्चे का समय-सीमा में पूर्ण टीकाकरण करने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग को परीक्षा परिणाम और बेहतर बनाने के निर्देश
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने अपार आईडी, प्रोफाइल पंजीयन, छात्रवृत्ति, जर्जर विद्यालय भवनों सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की तथा पिछले वर्ष की छात्रवृत्ति के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने तथा शिक्षकों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जिले का परीक्षा परिणाम बहुत अच्छा रहा है, इस वर्ष भी पास प्रतिशत बढ़ाया जाए तथा अधिक से अधिक विद्यार्थी प्रथम श्रेणी एवं 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करें। शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ से ही विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार किया जाए तथा सी एवं डी श्रेणी के विद्यार्थियों का चिन्हांकन कर उन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
संबल योजना के पात्र हितग्राहियों को मिले लाभ
संबल योजना की समीक्षा करते हुए सभी पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि केंद्रों में उपलब्ध कराई गई टीवी, पुस्तकें, खिलौने एवं अन्य सामग्रियों का बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला