अनूपपुर: एसईसीएल के नाम पर 3.25 लाख की ठगी, फर्जी लेटर भेजकर रिटायर्ड कोलकर्मी को बनाया शिकार
अनूपपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र क्षेत्र में स्थित दक्षिण पूर्व कोलफील्ड लिमिटेड (एसईसीएल) के नाम पर फर्जी पत्र भेजकर एक सेवानिवृत्त कोल कर्मचारी से 3.25 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ग्राम चोखी बेल्हा निवासी मंगलदीन केवट ने भालूमाड़ा थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2025 में उनके घर एसईसीएल मुख्यालय और सीएमडी कार्यालय की फर्जी सील वाला एक कूरियर पहुंचा। पत्र में 3.80 लाख रुपये का बकाया भुगतान होने का दावा किया गया था तथा राशि प्राप्त करने के लिए दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने को कहा गया था। पीड़ित ने जब पत्र में दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो खुद को सीएमडी कार्यालय की अधिकारी बताने वाली एक महिला ने बकाया राशि जारी कराने के नाम पर पहले कुछ रकम जमा कराने की बात कही। झांसे में आकर मंगलदीन केवट ने अपने गहने गिरवी रखकर 70 हजार रुपये बताए गए बैंक खाते में जमा कर दिए। इसके बाद खुद को अधिकारी बताने वाला राजीव राय पीड़ित के घर पहुंचा और फाइल प्रक्रिया पूरी कराने का हवाला देकर 3 लाख रुपये नकद ले गया। इस तरह आरोपियों ने कुल 3.70 लाख रुपये ठग लिए। बाद में पुलिस शिकायत की जानकारी मिलने पर आरोपियों ने केवल 45 हजार रुपये वापस किए, जबकि 3.25 लाख रुपये अब भी वापस नहीं किए गए हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक युवक ने संबंधित पत्र को फर्जी बताया। इसके बाद पीड़ित ने माया सिंह, रुचि, राजीव राय सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ रविवार काे भालूमाड़ा थाने में धोखाधड़ी और कूटरचना की शिकायत दर्ज कराई।
भालूमाडा थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। मोबाइल नंबरों, बैंक खाते और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला