मप्र : नगरीय निकाय उप निर्वाचन के परिणाम घोषित, कांग्रेस-भाजपा में दिखा कड़ा मुकाबला
भोपाल, 31 दिसम्बर (हि.स.) । राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार को नगरीय निकायों के उप निर्वाचन के परिणाम घोषित कर दिए हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में अध्यक्ष एवं पार्षद पदों पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जबकि कुछ स्थानों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
रीवा जिले की सेमरिया नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए हुए उप निर्वाचन में कांग्रेस प्रत्याशी पदमा कुशवाहा ने जीत हासिल की। पदमा कुशवाहा को कुल 4391 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की आराधना विश्वकर्मा को 3648 मत मिले। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 8172 मत डाले गए, वहीं 133 मत नोटा के पक्ष में पड़े। चुनाव सविरोध संपन्न हुआ।
वहीं, पार्षद पदों के उप चुनाव के परिणाम भी घोषित किए गए। भिंड जिले के लहार नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 5 से भाजपा की संगीता समाधिया विजयी रहीं। उन्होंने कांग्रेस की सुमन देवी को पराजित किया। आलमपुर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 13 में कांग्रेस की कविता सिंह ने भाजपा के संतराम को हराया।
रीवा जिले के सेमरिया नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 3 में निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक कुमार पांडेय ने भाजपा प्रत्याशी हरी विष्णु केशरी को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। भिंड जिले के मेहगांव नगर पालिका वार्ड क्रमांक 5 में भाजपा की ज्ञानश्री विजयी रहीं।
मंडला नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 8 से भाजपा की कृतिका चौरसिया, देवास जिले के सतवास नगर पालिका वार्ड क्रमांक 9 से कांग्रेस की सोनम, बड़वानी जिले के पानसेमल नगर पालिका वार्ड क्रमांक 2 से भाजपा की सलोनी राणा ने जीत दर्ज की।
इन उप चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि नगरीय निकायों में कांग्रेस और भाजपा दोनों को मिला-जुला जनादेश मिला है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ये परिणाम आगामी चुनावों के लिए दोनों प्रमुख दलों के लिए संकेतक साबित हो सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत