युवा शिकायत नहीं, समस्याओं का समाधान देता है: मुकुल कानिटकर

 


भोपाल, 11 सितंबर (हि.स.)। कौन है तू, कहाँ से आया है, तेरे जीवन का उद्देश्य क्या है? जो इस प्रश्न का सामना करता है और उत्तर खोजता है, वह युवा है। वह महापुरुष है। स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, मीराबाई और एपीजे अब्दुल कलाम ने ये प्रश्न पूछे तो उनके जीवन बदल गए। प्रत्येक युवा को आईना देखते समय ये प्रश्न स्वयं से पूछने चाहिए।

यह विचार प्रखर वक्ता मुकुल कानिटकर ने व्यक्त किए। स्वामी विवेकानंद के शिकागो व्याख्यान की स्मृति में शुक्रवार को एक विशेष व्याख्यान का आयोजन माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में किया गया।

'युवा भारत : कल, आज और कल' विषय पर श्री मुकुल कानिटकर ने कहा कि जब स्वामी विवेकानंद ने शिकागो में आयोजित धर्म सम्मेलन को संबोधित किया तो बहुत देर तक तालियां बजती रहीं। इसका कारण यह नहीं था कि उन्होंने वहाँ उपस्थित श्रोताओं को 'भाइयो-बहनो' कहकर संबोधित किया। अपितु उसके पीछे भावपूर्ण अभिव्यक्ति थी। शिकागो व्याख्यान से पूर्व अमेरिका पहुँचे स्वामी विवेकानंद ने डेढ़ महीने अथाह कष्ट सहन किया। अपमान और तिरस्कार का विषपान किया। इतना कष्ट और अपमान झेलने के बाद भी जब स्वामी विवेकानंद को बोलने के लिए मंच मिला, तो उन्होंने कोई शिकायत नहीं की।

आत्मीयता से कहा- मेरे प्यारे अमेरिकी बहनों और भाइयों। उनकी इस भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने वहाँ उपस्थित सभी लोगों पर प्रभाव छोड़ा। एक प्रकार से स्वामी विवेकानंद ने सबके मन पर शक्तिपात किया। श्री कानिटकर ने कहा कि जो शक्तिहीन होता है, वह शिकायत करता है। युवा तो समाधान देता है। युवा यानी साहस से भरपूर।स्वामी विवेकानंद आज भी युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं क्योंकि उन्होंने कभी शिकायत नहीं की। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का ऐसा प्रभाव हुआ कि विश्व धर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद के 7 भाषण हुए। बाद में, उनके भाषणों पर अनुसंधान हुए। मेरी लुई बर्क, जिन्हें बाद में सिस्टर गार्गी के नाम से जाना गया, उन्होंने स्वामी विवेकानंद के पाश्चात्य देशों (विशेषकर अमेरिका और इंग्लैंड) में किए गए कार्यों पर दुनिया का सबसे गहन और प्रामाणिक शोध किया है। उन्होंने 'स्वामी विवेकानंद इन द वेस्ट: न्यू डिस्कवरीज' नाम से 6 खंडों की एक विस्तृत पुस्तक श्रृंखला लिखी। इस शोध के लिए उन्होंने कई वर्षों तक अमेरिका और यूरोप की यात्रा की। उन्होंने उन शहरों, अखबारों के अभिलेखागारों और परिवारों को खोज निकाला जहाँ स्वामी जी रुके थे। उन्होंने स्वामी जी के कई ऐसे पत्र, व्याख्यान और संस्मरण खोजे जो इतिहास में कहीं खो चुके थे।

कानिटकर ने कहा- भगिनी निवेदिता कहती हैं कि 11 सितंबर 1893 हिन्दू धर्म के पुनर्जन्म का दिन है। उन्होंने हिन्दू धर्म के प्रति दुनिया के संकीर्ण दृष्टिकोण को बदलकर रख दिया। उन्होंने कहा कि मद्रास में अपने एक भाषण में स्वामी विवेकानंद तीन प्रश्न पूछते हैं- क्या आप हृदय से इस भारत माता को माँ मानते हो? क्या आपने अपने मस्तिष्क का उपयोग समस्या के समाधान का विचार करने के लिए किया है? और क्या समाधान के लिए अपने हाथों से सेवा कार्य करने के लिए तैयार हो? श्री कानिटकर ने कहा कि अगर हम भारत को अपनी माँ मानते हैं, तब उसको अस्वच्छ क्यों करते हैं, क्यों हम यहाँ-वहाँ कचरा फेंकते हैं, प्लास्टिक का उपयोग करके क्यों भूमि को दूषित करते हैं? उन्होंने अपने भाषण में इस प्रकार के ज्वलंत प्रश्न युवाओं के सामने विचार के लिए छोड़े।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि कोई भी सामान खरीदते समय यह ध्यान रखना चाहिए कि हम स्वदेशी या मित्र देश के उत्पाद खरीदें। आधुनिकता को परिभाषित करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिकता तो उपकरण और तकनीक की होती है, संस्कृति की नहीं। संस्कृति तो निरंतरता में चलती है। संस्कृति और आधुनिकता साथ-साथ चलती है। हमें अपनी संस्कृति का संरक्षण करते हुए विचारों से आधुनिक होना चाहिए।

अच्छे समाचार किस प्रकार समाज को प्रेरणा देने का सामर्थ्य रखते हैं इस संदर्भ में उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का प्रसंग सुनाकर कहा- एपीजे अब्दुल कलाम कहते हैं कि जब पत्रकार भी राष्ट्रभक्ति से भरा होता है तो देश को प्रेरणा देने वाले समाचार देता है। उन्होंने कहा कि नकारात्मक बातें तो स्वतः समाचार बन जाती हैं। सकारात्मक बातों को समाचार बनाने के लिए दृष्टि और परिश्रम लगता है। अच्छी बातों को समाज तक पहुंचाने के लिए प्रयास करना पड़ता है।

वहीं, अध्यक्षीय उद्बोधन एवं स्वागत भाषण में कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि 11 सितंबर, 1893 में अमेरिका में ऐसा कुछ हुआ कि दुनिया को भारत का नया परिचय मिला। स्वामी विवेकानंद के विचारों ने भारत को देखने का दृष्टिकोण बदल दिया। स्वामी विवेकानंद का चयन उनके गुरु रामकृष्ण परमहंस ने किया था। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार के रूप में भारत के विराट स्वरूप का दर्शन करने का अवसर मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा