अनूपपुर: हुडको के जर्जर आवासों में जान जोखिम में डाल रह रहे लोग, नगर परिषद ने भेजा नोटिस
अनूपपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 2 बराती में हुडको के आवास जर्जर हो गए हैं। इन आवासों को पहले के विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) ने 1988-89 में बनवाया था। कुछ लोग बिना आवंटन के इन खराब भवनों में रह रहे हैं, जिससे उनकी जान को खतरा है। इन भवनों की हालत इतनी खराब है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
आवास अब अमरकंटक नगर परिषद की संपत्ति हैं। इसके बावजूद नगर परिषद इनकी नियमित जांच, देखभाल या मरम्मत नहीं कर रही है। नगर परिषद ने आवास खाली करने और सर्वे के लिए टीम भेजने की बात कही है।
जर्जर भवनों की हालत लगातार बिगड़ रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी इस गंभीर मामले पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों में यह भी चर्चा है कि कुछ मजदूर वर्ग के लोग बिना सही आवंटन के इन आवासों में रह रहे हैं। सवाल यह है कि नगर परिषद की संपत्ति पर बिना वैध आवंटन के लोगों को रहने की अनुमति कैसे मिली और विभाग ने अब तक इसकी जांच क्यों नहीं की?
मरम्मत पर नहीं दिया ध्यान
सबसे चिंता की बात यह है कि इन जर्जर भवनों में रहने वाले लोग भी इनकी मरम्मत पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। वहीं, नगर परिषद भी भवनों की असली हालत देखकर जरूरी कदम नहीं उठा रही है। अगर अचानक भवन का कोई हिस्सा गिर जाता है या किसी हादसे में किसी की जान चली जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? समय रहते भवनों की जांच कर उन्हें खतरनाक घोषित नहीं किया गया, तो भविष्य में होने वाले किसी बुरे हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करना जरूरी होगा।
ज्ञात हो कि विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) अमरकंटक का पवित्र तीर्थ स्थल और प्राकृतिक क्षेत्र के समग्र विकास के लिए गठित एक प्रमुख निकाय के रूप में किया गया था। जिसका उद्देश्य अमरकंटक और उसके आस-पास के क्षेत्रों में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना था। इसी योजना के तहत यहां आवासीय भवनों का निर्माण हुआ था, हालांकि इन आवासों की कुल आधिकारिक एवं सटीक संख्या सार्वजनिक दस्तावेजों में स्पष्ट रूप से एक साथ दर्ज नहीं है।
नोटिस जारी कर खाली करने को कहा
सीएमओ नगर परिषद् अमरकंटक चैन सिंह परस्ते का कहना है कि हमने मकानों की स्थिति के लिए सर्वे के लिए टीम लगाया है। आवास जर्जर है, इसके लिए नोटिस जारी कर लोगों को आवास खाली करने के लिए कहा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला